नई दिल्ली: सोचिए, एक दिन आप उठें और अचानक खबर आए कि TikTok वापस आ गया है! वो ही टिकटॉक जिसे लाखों लोग कभी रोज़ इस्तेमाल करते थे, जो हर किसी की उंगलियों पर छाया हुआ था। ऐसा ही कुछ हाल ही में हुआ जब सोशल मीडिया पर एक यूजर ने दावा किया कि भारत में अब TikTok की वेबसाइट खुल रही है।
बस फिर क्या था X (पूर्व में ट्विटर) और Reddit जैसे प्लेटफॉर्म्स पर मीम्स और मजेदार कमेंट्स की बाढ़ आ गई। किसी ने लिखा “अब फिर से डांसिंग आंटी और लिप-सिंक किंग्स लौटेंगे”, तो किसी ने इसे भारत की डिजिटल तबाही की शुरुआत बता दिया। लेकिन हकीकत कुछ और ही निकली।
सरकार ने किया दावा खारिज, TikTok अब भी भारत में बैन
NDTV Profit की रिपोर्ट के मुताबिक, जैसे ही अफवाहों ने रफ्तार पकड़ी, दूरसंचार विभाग (Department of Telecommunications – DoT) ने सामने आकर सफाई दी। उन्होंने साफ कहा कि TikTok की वेबसाइट अब भी सभी इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर्स द्वारा ब्लॉक की गई है। यानी सामान्य भारतीय यूजर अब भी इस साइट तक नहीं पहुंच सकते।
इसका मतलब ये कि सोशल मीडिया पर फैली खबरें पूरी तरह झूठ हैं। न TikTok वापस आया है, न ही उसकी वेबसाइट देश में एक्सेस की जा सकती है। वहीं, TikTok की मूल कंपनी ByteDance ने भी अब तक भारत में वापसी को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।
टिकटॉक को क्यों किया गया था बैन?
TikTok का भारत में बैन होना कोई छोटा फैसला नहीं था। जून 2020 में, भारत सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा का हवाला देते हुए 59 चाइनीज़ ऐप्स को बैन कर दिया था। इस लिस्ट में TikTok, WeChat, UC Browser और कई पॉपुलर ऐप्स शामिल थे।
ये फैसला उस समय लिया गया था जब पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारत और चीन की सेनाओं के बीच खूनी झड़प हुई थी। इस दर्दनाक घटना में 20 भारतीय सैनिक वीरगति को प्राप्त हुए थे, जिससे पूरे देश में गुस्से की लहर दौड़ गई थी।
इस घटना के बाद भारत सरकार ने डिजिटल मोर्चे पर भी जवाब देने का फैसला किया, और टिकटॉक समेत कई ऐप्स पर प्रतिबंध लगा दिया। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने इसे “भारत का डिजिटल स्ट्राइक” बताया था, और देशभर में इसे खूब समर्थन मिला।
ये भी पढ़ें- जल्द उड़ान भरेगा भारत का 5th Gen फाइटर जेट, यह कंपनी बनाएगी AMCA का इंजन, देखें इसकी ताकत
कैसे फैली TikTok की वापसी की अफवाह?
दरअसल, सोशल मीडिया की दुनिया में अफवाहें उड़ने में देर नहीं लगती। किसी यूजर ने शायद किसी तकनीकी गड़बड़ी की वजह से टिकटॉक की वेबसाइट को कुछ समय के लिए खुला पाया, और बिना किसी पुष्टि के इसे शेयर कर दिया। कुछ ही समय में यह खबर आग की तरह फैल गई, और हर कोई यही सोचने लगा कि क्या TikTok फिर से भारत में एंट्री करने वाला है?
हालांकि सरकार की तरफ से तुरंत प्रतिक्रिया आई और स्पष्ट कर दिया गया कि ऐसा कुछ नहीं हुआ है। टिकटॉक भारत में अब भी बैन है और इसे एक्सेस नहीं किया जा सकता।
सोशल मीडिया पर लोगों ने उड़ाया मजाक
जैसे ही TikTok की वापसी की बात फैली, मीमर्स ने एक बार फिर अपनी क्रिएटिविटी के जलवे दिखाए। कहीं ‘टिकटॉक स्टार्स की वापसी’ को लेकर हंसी उड़ाई गई, तो कहीं पुराने टिकटॉक ट्रेंड्स को याद कर मस्ती की गई।
कुछ यूजर्स ने तो मजाक में लिखा कि “अब फिर से मोहल्ले में डांस कर रहे लोगों की लाइन लग जाएगी”, जबकि कुछ ने कहा कि “भारत TikTok के बिना ज्यादा शांत और बेहतर लग रहा था, प्लीज़ इसे वापिस मत आने दो!”
क्या TikTok वाकई में फिर कभी लौटेगा?
इस सवाल का जवाब फिलहाल अनिश्चित है। जब तक भारत और चीन के रिश्तों में सुधार नहीं होता और सरकार की तरफ से कोई आधिकारिक नीति बदलाव नहीं होता, TikTok की वापसी की संभावना बेहद कम है।
हालांकि यह सच है कि TikTok की दुनिया भर में लोकप्रियता अब भी बरकरार है और ByteDance जैसे बड़े समूह भारत जैसे विशाल बाजार को नजरअंदाज नहीं करना चाहेंगे। लेकिन जब बात देश की राष्ट्रीय सुरक्षा की हो, तब सरकार कोई समझौता नहीं करती।
ये भी पढ़ें- आवारा कुत्तों को कैसे कंट्रोल करते हैं दुनिया के सभी देश? जानें कहां क्या है नियम और कानून