The great indian kapil show: रोहित शर्मा को युवराज सिंह ने दी थी धमकी? वायरल VIDEO पर दी सफाई; कहा-ये मेरी सीट है
The great indian kapil show: नेटफ्लिक्स पर लौट चुका ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का चौथा सीजन लगातार सुर्खियां बटोर रहा है. हालिया एपिसोड में क्रिकेट की दुनिया के तीन दिग्गज—वीरेंद्र सहवाग, मोहम्मद कैफ और युवराज सिंह—एक साथ नजर आए. बचपन की दोस्ती से लेकर टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम तक के किस्सों ने इस एपिसोड को खास बना दिया. हंसी, मस्ती और पुराने दिनों की यादों के बीच क्रिकेटर्स ने कई अनसुने राज भी साझा किए.
शो की शुरुआत कपिल शर्मा ने तीनों खिलाड़ियों की दोस्ती और उनके लंबे क्रिकेट सफर की तारीफ से की. इसके बाद उन्होंने सहवाग, कैफ और युवराज को उनके करियर की उपलब्धियों के लिए बधाई दी. बातचीत का सिलसिला धीरे-धीरे मैदान से बाहर की जिंदगी और ड्रेसिंग रूम के मजेदार पलों तक पहुंच गया, जहां हर जवाब पर ठहाकों की गूंज सुनाई दी.
कोच की बात क्यों नहीं मानते थे सहवाग?
कपिल ने जब सहवाग से पूछा कि क्या वह सच में अपने कोच की बात नहीं सुनते थे, तो जवाब और भी दिलचस्प निकला. सहवाग ने बेबाकी से कहा कि वह हमेशा अपनी समझ के मुताबिक खेलते थे. उनका मानना था कि मैदान पर जो भी फैसला होगा, उसकी जिम्मेदारी उनकी अपनी होगी. उन्होंने यह भी जोड़ा कि इसी वजह से आज जब वह किसी को कोचिंग देते हैं, तो खिलाड़ियों की सोच को बेहतर तरीके से समझ पाते हैं. इस पर नवजोत सिंह सिद्धू ने सहवाग की जमकर तारीफ करते हुए उन्हें बेहतरीन क्रिकेटिंग माइंड बताया.
युवराज सिंह से जुड़ा पुराना किस्सा
इसके बाद कपिल ने युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ के करियर की बातें छेड़ीं और फिर युवराज से जुड़े एक पुराने विवाद पर मजाकिया अंदाज में सवाल दागा. उन्होंने रोहित शर्मा का एक पुराना वीडियो दिखाया, जिसमें रोहित अपनी पहली टीम बस यात्रा का अनुभव साझा करते नजर आए. वीडियो में रोहित बताते हैं कि कैसे वह गलती से युवराज की सीट पर बैठ गए थे और उसके बाद दोबारा कभी वहां बैठने की हिम्मत नहीं हुई.
युवराज ने दी सफाई
इस किस्से पर युवराज सिंह ने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्होंने कभी किसी जूनियर को डराने की कोशिश नहीं की. उन्होंने सिर्फ प्यार से अपनी सीट के बारे में बताया था. युवराज ने यह भी कहा कि जब वह खुद नए थे, तब सीनियर खिलाड़ियों से डरते थे, इसलिए वह जूनियर्स की भावना समझते हैं.
शो में अब तक दिखे ये सितारे
‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ के नए सीजन में अब तक अनन्या पांडे, कार्तिक आर्यन के साथ-साथ भोजपुरी सिनेमा के बड़े नाम मनोज तिवारी, पवन सिंह और दिनेश लाल यादव भी मेहमान बन चुके हैं. आने वाले एपिसोड्स को लेकर दर्शकों में उत्साह लगातार बना हुआ है.
यह भी पढ़ें: Border 2 Trailer: ‘बॉर्डर 2’ का देशभक्ति से भरा ट्रेलर रिलीज, फिर गूंजी सनी देओल की दहाड़, VIDEO