Sports

T20 World Cup: पाकिस्तान ने फिर लिया यू-टर्न! भारत के साथ मैच खेलने के लिए तैयार, रखी ये तीन शर्तें

T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने भारत के खिलाफ मैच खेलने के लिए आईसीसी के सामने कुछ शर्तें रख दी हैं। पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी का कहना है कि इन मांगों पर सहमति बनने के बाद ही पाकिस्तान की टीम भारत से मुकाबला खेलेगी। भारत और पाकिस्तान का मैच 15 फरवरी को कोलंबो में होना तय है, लेकिन इन शर्तों के चलते अब मुकाबले पर सवाल खड़े हो गए हैं।

आईसीसी के सामने रखी गईं तीन प्रमुख मांगें

रविवार को आईसीसी के दो सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी और बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम के साथ बैठक की। इस बैठक में कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका। रिपोर्ट के अनुसार, पीसीबी ने बहिष्कार खत्म करने के लिए आईसीसी से तीन बड़ी मांगें रखीं। इनमें आईसीसी से ज्यादा राजस्व हिस्सा, भारत के साथ दोबारा द्विपक्षीय क्रिकेट सीरीज शुरू करने की मांग और टी20 वर्ल्ड कप के दौरान मैदान पर भारतीय खिलाड़ियों का पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाना शामिल है।

द्विपक्षीय सीरीज की मांग पर अड़ा पाकिस्तान

पीसीबी की मांगों में सबसे बड़ी और विवादित मांग भारत-पाकिस्तान के बीच फिर से द्विपक्षीय क्रिकेट शुरू करने की है। मौजूदा राजनीतिक हालात को देखते हुए भारत की ओर से इस पर सहमति बनना मुश्किल माना जा रहा है। दोनों देशों के बीच आखिरी बार 2012-13 में द्विपक्षीय सीरीज खेली गई थी, जब पाकिस्तान की टीम भारत दौरे पर आई थी। उसके बाद से दोनों टीमें केवल आईसीसी या एशिया कप जैसे टूर्नामेंट में ही आमने-सामने होती रही हैं।

ये भी पढ़ें- Budget 2026: किस सेक्टर को हुआ सबसे ज्यादा फायदा, किसका हाथ रह गया खाली? जानें बजट की बड़ी बातें

भारत के खिलाफ मैच से क्यों पीछे हटा पाकिस्तान?

बताया जा रहा है कि पाकिस्तान ने अपनी सरकार के कहने पर भारत के खिलाफ टी20 वर्ल्ड कप मैच खेलने से इनकार किया था। हालांकि, इस फैसले को लेकर पीसीबी ने आईसीसी को कोई औपचारिक पत्र नहीं भेजा था। पाकिस्तान ने यह कदम बांग्लादेश के समर्थन में उठाया। दरअसल, बांग्लादेश ने भारत में अपने मैच खेलने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उसे टी20 वर्ल्ड कप से बाहर कर दिया गया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को टूर्नामेंट में शामिल किया गया।

आईसीसी पहले ही दे चुका है चेतावनी

आईसीसी पहले ही पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को चेतावनी दे चुका है कि अगर वह भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलता है तो इसके गंभीर नतीजे हो सकते हैं। आईसीसी ने पीसीबी से कहा था कि वह अपने फैसले के दूरगामी असर पर विचार करे, क्योंकि इसका असर पूरे विश्व क्रिकेट ढांचे पर पड़ेगा। अब पीसीबी की शर्तों के बाद देखना होगा कि आईसीसी इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है और भारत-पाकिस्तान का बहुप्रतीक्षित मुकाबला होगा या नहीं।

ये भी पढ़ें- Budget 2026: शराब के शौकीनों को बजट में लगा झटका, सिगरेट और तंबाकू भी होगा महंगा, कितने बढ़ेंगे दाम?

Shreeom Singh

Shreeom Singh is a Digital Journalist with over 3 years of experience in the media industry. Having worked with prestigious organizations like Bharat 24, Network 10, and APN News. Shreeom specializes in a wide spectrum of beats, including World, Sports, Business, Lifestyle, and Health. He is dedicated to delivering well-researched and engaging stories to a global audience.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *