Sonpur Airport: बिहार में अंतरराष्ट्रीय हवाई सुविधा को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। पटना के पास सोनपुर इलाके में एक नए ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सरकार का लक्ष्य है कि इसे आने वाले कुछ वर्षों में विकसित कर करीब चार साल में तैयार किया जाए।
जानकारी के अनुसार, इस एयरपोर्ट के बनने के बाद बिहार से सीधे अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया और यूरोप के कई देशों के लिए उड़ानें शुरू की जा सकेंगी। केंद्र सरकार इसे पूर्वी भारत का बड़ा एविएशन हब बनाने की योजना पर काम कर रही है और 2030 तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
4200 एकड़ में बनेगा एयरपोर्ट
इस परियोजना के लिए करीब 4200 एकड़ जमीन के अधिग्रहण को मंजूरी मिल चुकी है। इस पर लगभग 1300 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। यह एयरपोर्ट गंगा के उत्तरी किनारे पर बनेगा और पटना शहर से इसकी दूरी करीब 15 किलोमीटर होगी।
ग्रीनफील्ड मॉडल पर होगा निर्माण
सोनपुर एयरपोर्ट पूरी तरह ग्रीनफील्ड मॉडल पर बनाया जाएगा, यानी इसे शून्य से आधुनिक तकनीक के साथ तैयार किया जाएगा। इसमें बड़ा रनवे, आधुनिक टर्मिनल और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं शामिल होंगी।
ये भी पढ़ें- अमेरिका में हिंदू सबसे ज्यादा पढ़ा-लिखा धार्मिक समुदाय, यहूदी-मुस्लिम से भी आगे, रिसर्च में खुलासा
बड़े विमानों की लैंडिंग संभव होगी
इस एयरपोर्ट को इस तरह डिजाइन किया जा रहा है कि यहां कोड-ई श्रेणी के बड़े विमान भी उतर सकें। अभी ऐसे विमान मुख्य रूप से दिल्ली, दुबई और शारजाह जैसे बड़े एयरपोर्ट पर ही उतरते हैं। इससे बिहार के यात्रियों को लंबी दूरी की उड़ानों के लिए दूसरे शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
पहले ही हो चुका है सर्वे
यह परियोजना अचानक नहीं आई है। साल 2020 में ही केंद्र सरकार ने इसे मंजूरी दे दी थी। इसके बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया द्वारा प्री-फिजिबिलिटी और अन्य तकनीकी सर्वे भी पूरे किए जा चुके हैं, जो आमतौर पर कई साल लेते हैं।
पूर्वी भारत का बड़ा एविएशन हब बनेगा
इस एयरपोर्ट को सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि इसे पूरे पूर्वी भारत के लिए एक बड़े हवाई केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे आसपास के राज्यों और पड़ोसी देशों के यात्रियों को भी फायदा मिलेगा।
एयरपोर्ट बनने से क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। अगर काम तय समय पर पूरा हुआ, तो आने वाले समय में सोनपुर एयरपोर्ट बिहार की कनेक्टिविटी और विकास की तस्वीर बदल सकता है।
ये भी पढ़ें- Valentine’s Day: कामसूत्र के देश में हो गई रोमांस की कमी, क्यों अपने रिश्तों से असंतुष्ट हैं भारतीय?