रेलवे ने शुरू की फेस्टिवल स्कीम, आने-जाने का ट्रेन टिकट बुक करने पर मिलेगा 20% डिस्काउंट, ऐसे उठाएं लाभ
नई दिल्ली: त्योहारों का मौसम जैसे ही नजदीक आता है, हर किसी का मन अपने घर, अपने अपनों के पास लौटने को करता है। दिवाली, छठ और अन्य पर्वों पर ट्रेन के टिकट की भारी मांग होती है और लोगों को न सिर्फ महंगे टिकट का सामना करना पड़ता है, बल्कि अक्सर टिकट मिलना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में इंडियन रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत देने वाला कदम उठाया है। इस बार रेलवे एक एक्सपेरिमेंटल स्कीम लेकर आया है, जिससे घर लौटने और वापस आने की यात्रा अब और आसान और सस्ती हो सकेगी।
क्या है रेलवे की यह खास स्कीम?
रेलवे ने फेस्टिव सीजन को ध्यान में रखते हुए एक नई योजना की शुरुआत की है। इस स्कीम के तहत अगर कोई यात्री एक साथ आने और जाने का टिकट बुक करता है, तो उसे रिटर्न टिकट पर 20 प्रतिशत का सीधा डिस्काउंट मिलेगा। यानी अब अगर आप त्योहार पर घर जाने के साथ-साथ वापसी का टिकट भी एक साथ ले लेते हैं, तो आपकी जेब पर बोझ कम होगा और मन भी शांत रहेगा कि वापसी की टिकट पहले से कंफर्म है।
इस योजना का लाभ उठाने के लिए कुछ जरूरी शर्तें भी हैं, जिन्हें जानना जरूरी है ताकि छूट का फायदा पूरी तरह से लिया जा सके।
किन शर्तों का पालन करना होगा?
इस स्कीम का लाभ केवल उन्हीं यात्रियों को मिलेगा जो एक साथ अपने जाने और आने की टिकट बुक करेंगे। दोनों टिकटों की डिटेल्स पूरी तरह एक जैसी होनी चाहिए जैसे स्टेशन का नाम, यात्री का नाम, उम्र, दूरी और जिस क्लास में यात्रा करनी है, वह एक जैसी होनी चाहिए।
इसके अलावा, जाने और आने की यात्रा उसी ट्रेन जोड़ी से होनी चाहिए। उदाहरण के लिए, अगर आप “अहमदाबाद-बरौनी एक्सप्रेस (19484)” से पटना जा रहे हैं, तो आपको वापसी का टिकट भी इसी जोड़ी की ट्रेन “बरौनी-अहमदाबाद (19483)” में ही लेना होगा।
कब से शुरू होगी बुकिंग?
अगर आप इस योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, तो बुकिंग की प्रक्रिया 14 अगस्त 2025 से शुरू हो जाएगी।
इस योजना के तहत जाने की यात्रा की तारीखें 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 के बीच होनी चाहिए। वहीं, वापसी की यात्रा 17 नवंबर से 1 दिसंबर 2025 के बीच निर्धारित होनी चाहिए। इस पीरियड को देखकर साफ है कि रेलवे ने दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों को ध्यान में रखते हुए ही यह पहल की है।
किन ट्रेनों में नहीं मिलेगा डिस्काउंट?
ध्यान देने वाली बात यह है कि यह स्कीम हर ट्रेन पर लागू नहीं है। जो ट्रेनें डायनेमिक प्राइसिंग या फ्लेक्सी फेयर मॉडल पर चलती हैं, जैसे- राजधानी एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस, वंदे भारत, तेजस, दुरंतो और सुविधा एक्सप्रेस उनमें इस छूट का लाभ नहीं मिलेगा।
हालांकि घबराने की जरूरत नहीं है, क्योंकि फेस्टिव स्पेशल ट्रेनों और अधिकतर मेल, एक्सप्रेस ट्रेनों को इस योजना में शामिल किया गया है। यानी जो ट्रेनें आमतौर पर त्योहारों में ज्यादा डिमांड में रहती हैं, उनमें छूट पाने की पूरी संभावना है।
ये भी पढ़ें- ‘ऑपरेशन सिंदूर में S-400 से पाकिस्तान के 5 जेट मार गिराए…’ एयर चीफ मार्शल एपी सिंह का बड़ा खुलासा