S-400 Deal: भारत ने अपनी वायु रक्षा क्षमता को और मज़बूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। रक्षा मंत्रालय की रक्षा खरीद परिषद (DAC) ने रूस से S-400 एयर डिफेंस सिस्टम के लिए 288 मिसाइलों की खरीद को मंजूरी दे दी है। इस सौदे की अनुमानित लागत करीब ₹10,000 करोड़ बताई जा रही है। इससे देश की हवाई सुरक्षा और मज़बूत होगी।
इसी बैठक में फ्रांस से 114 राफेल लड़ाकू विमानों की खरीद से जुड़े प्रस्ताव पर भी मुहर लगी। इसके अलावा अमेरिका से छह P-8I टोही विमानों की खरीद को भी हरी झंडी दी गई है, जिसकी कीमत करीब ₹30,000 करोड़ बताई जा रही है।
S-400 मिसाइलों का स्टॉक बढ़ाने का फैसला
रिपोर्ट के अनुसार, बीते साल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान S-400 सिस्टम से कई मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया था, जिससे इनके भंडार में कमी आई। इसी वजह से अब नए सिरे से मिसाइलों की खरीद को मंजूरी दी गई है। इस डील के तहत 120 शॉर्ट रेंज और 168 लॉन्ग रेंज मिसाइलें ली जाएंगी। इनकी खरीद फास्ट ट्रैक प्रक्रिया के तहत की जाएगी।
सरकार ने यह फैसला ऐसे समय में लिया है, जब इस साल जून और नवंबर में रूस से S-400 के दो बचे हुए स्क्वाड्रन मिलने वाले हैं।
ये भी पढ़ें- क्रिकेट के मैदान पर फुटबॉल के महारथी ‘इटली’ ने कैसी बनाई अपनी जगह?
S-400 के और स्क्वाड्रन खरीदने की तैयारी
S-400 सिस्टम के सफल इस्तेमाल के बाद सेना इसकी क्षमता को और बढ़ाने की तैयारी में है। सेना भविष्य में S-400 के पांच और स्क्वाड्रन खरीदने की सिफारिश कर रही है। साथ ही रूस से पैंटसर शॉर्ट रेंज एयर डिफेंस सिस्टम लेने पर भी विचार चल रहा है।
अगर आगे यह प्रस्ताव मंजूर होते हैं, तो भारत के पास कुल मिलाकर S-400 के 10 स्क्वाड्रन हो सकते हैं। इससे देश में दो-स्तरीय एयर डिफेंस सिस्टम तैयार होगा, जो ड्रोन और हवाई हमलों से बेहतर सुरक्षा देगा।
400 किमी तक मार करने वाली मिसाइलें शामिल
खरीदी जाने वाली S-400 मिसाइलों में 400 किमी, 200 किमी, 150 किमी और 40 किमी रेंज वाली सरफेस-टू-एयर मिसाइलें शामिल होंगी। इनकी मदद से लंबी दूरी से आने वाले हवाई खतरों को रोका जा सकेगा।
DAC की बैठक के बाद जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, रक्षा मंत्री ने कुल मिलाकर करीब ₹3.60 लाख करोड़ के रक्षा प्रस्तावों को मंजूरी दी है। इससे आने वाले समय में भारत की सैन्य ताकत और बढ़ने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- हॉरर टास्क और हिंसा… बच्चों के लिए खतरा बन रहे ये 4 मोबाइल गेम्स, गाजियाबाद वाली बहनों को थी लत