किसी ने आपको फर्जी आधार कार्ड तो नहीं दिया, ऐसे करें वेरिफाई, जानें इसकी पूरी प्रोसेस
नई दिल्ली: जब कोई आपके घर में किराए पर रहने आता है या आपके बच्चों की देखभाल के लिए कोई नौकर रखता है, तो आप उस पर भरोसा करते हैं। उसका आधार कार्ड देखकर चैन की सांस लेते हैं कि चलो पहचान तो पक्की है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जो आधार कार्ड आपको दिखाया गया है, वो असली भी है या नहीं?
आज के दौर में फर्जीवाड़ा इतना बढ़ गया है कि असली और नकली में फर्क करना मुश्किल हो गया है। हाल ही में उत्तर प्रदेश एटीएस ने एक बड़े फर्जी आधार कार्ड बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। ऐसे में आम नागरिकों के लिए यह जानना बेहद ज़रूरी हो गया है कि जो आधार नंबर उन्हें दिया जा रहा है, वह असली है या किसी जालसाज़ की चाल है।
आधार कार्ड की अहमियत और बढ़ती चिंता
आधार कार्ड आज सिर्फ एक पहचान पत्र नहीं, बल्कि हर सरकारी और गैर-सरकारी काम में आपकी पहचान का सबसे बड़ा ज़रिया बन चुका है। बैंक अकाउंट खोलना हो, सिम कार्ड लेना हो या कहीं नौकरी के लिए आवेदन करना हो हर जगह आधार कार्ड की मांग होती है।
इसी का फायदा उठाकर कुछ अपराधी नकली आधार कार्ड बनाकर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। कई बार ये नकली दस्तावेज़ गलत इरादों के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं, जो भविष्य में आपको बड़ी मुश्किलों में डाल सकते हैं। ऐसे में सतर्क रहना और सही तरीके से आधार नंबर की जांच करना आपकी ज़िम्मेदारी बन जाती है।
कैसे करें आधार नंबर की ऑनलाइन जांच?
अगर किसी ने आपको अपना आधार कार्ड दिखाया है, तो उसकी सत्यता को जांचने का सबसे आसान और सुरक्षित तरीका UIDAI की वेबसाइट है। इसके लिए आपको कहीं जाने की ज़रूरत नहीं है, बस कुछ आसान स्टेप्स में आप आधार नंबर को वेरिफाई कर सकते हैं।
- सबसे पहले https://uidai.gov.in वेबसाइट पर जाएं। वहां ‘My Aadhaar’ सेक्शन के अंतर्गत ‘आधार सर्विसेज’ में जाकर ‘Verify Aadhaar Number’ विकल्प चुनें।
- अब उस व्यक्ति का 12 अंकों वाला आधार नंबर और नीचे दिख रहा सिक्योरिटी कोड भरें। इसके बाद ‘वेरिफाई’ पर क्लिक करें।
- अगर नंबर असली है और एक्टिव भी है, तो वेबसाइट आपको बताएगी कि यह आधार नंबर अस्तित्व में है और वैध है।
- यदि यह नंबर गलत या फर्जी है, तो सिस्टम उसे पहचान नहीं पाएगा और आपको अलर्ट कर देगा।
यह प्रक्रिया पूरी तरह से मुफ्त है और इसमें आपकी कोई भी निजी जानकारी साझा नहीं करनी पड़ती।
ये भी पढ़ें- अब जाम छलकाना और धुआं उड़ाना होगा महंगा, नए GST स्लैब में शराब, सिगरेट और तंबाकू के बढ़ेंगे दाम!
QR कोड से भी कर सकते हैं आधार की पुष्टि
आपके पास जो आधार कार्ड की कॉपी है, उस पर एक काला और सफेद डिब्बों वाला QR कोड होता है। इस कोड में व्यक्ति की पूरी आधार डिटेल छुपी होती है। इस QR कोड को स्कैन करके भी आधार की वैधता का पता लगाया जा सकता है।
- इसके लिए आप UIDAI का mAadhaar ऐप या Aadhaar QR Scanner ऐप अपने स्मार्टफोन में डाउनलोड कर सकते हैं।
- ऐप खोलते ही दो ऑप्शन मिलते हैं- आधार नंबर से वेरिफिकेशन और QR कोड स्कैनिंग।
- अगर आधार नंबर आपके पास है तो पहले ऑप्शन का चुनाव करें, नहीं तो QR कोड स्कैन करके सच्चाई जानें।
ये तरीका खासकर तब मददगार होता है जब आपके पास सिर्फ आधार कार्ड की फोटोकॉपी या डिजिटल कॉपी हो।
क्यों ज़रूरी है सतर्कता?
आपका एक छोटा सा लापरवाह कदम बड़ी मुसीबत बन सकता है। सोचिए अगर आपने एक फर्जी दस्तावेज़ के आधार पर किसी को नौकरी पर रख लिया, और वो अपराधी निकल गया, तो जवाबदेही किसकी होगी? सिर्फ आपकी।
पुलिस जांच में सबसे पहले सवाल आप पर ही उठेंगे कि आपने जांच क्यों नहीं की? इसलिए सतर्कता ही सबसे बड़ी सुरक्षा है। UIDAI ने ये सुविधा बिल्कुल मुफ्त में उपलब्ध करवाई है ताकि आम जनता खुद अपने स्तर पर पहचान सत्यापन कर सके।
ये भी पढ़ें- चीन में महिलाओं की प्राइवेसी के साथ बड़ा स्कैंडल! टेलीग्राम के इस चैनल पर प्राइवेट तस्वीरें हो रहीं लीक