Budget 2026: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को संसद में लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट पेश किया। बजट भाषण खत्म होते ही आम लोगों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि अब रोजमर्रा की जिंदगी में कौन-सी चीजें सस्ती होंगी और किन पर खर्च बढ़ेगा। इस बार सरकार ने कई ऐसे फैसले लिए हैं, जिनका सीधा असर आम जनता की जेब पर पड़ेगा। कुछ चीजों के दाम बढ़ने से लोगों को झटका लगा है, तो कई जरूरी वस्तुओं पर राहत देकर सरकार ने बड़ी आबादी को राहत देने की कोशिश की है।
आइए विस्तार से समझते हैं कि बजट 2026 के बाद किन चीजों के दाम बढ़ सकते हैं और किन पर खर्च कम होने की उम्मीद है।
शराब, सिगरेट और तंबाकू पर बढ़ा बोझ
शराब पीने वालों और धूम्रपान करने वालों के लिए यह बजट किसी झटके से कम नहीं है। नए बजट प्रावधानों के तहत सिगरेट और तंबाकू उत्पादों पर टैक्स और एक्साइज ड्यूटी बढ़ा दी गई है। अब इन उत्पादों पर जीएसटी के साथ अतिरिक्त सेस और एक्साइज शुल्क भी लागू होगा। इसके अलावा सिगरेट पर प्रति स्टिक शुल्क बढ़ने से कीमतों में सीधा इजाफा होने की संभावना है।
शराब की कीमतों पर भी टैक्स बढ़ने का असर दिख सकता है। वहीं स्क्रैप और खनिजों की बिक्री पर टैक्स कलेक्टेड एट सोर्स (TCS) की दर को बढ़ाकर 2% कर दिया गया है, जो पहले 1% थी। इन फैसलों का उद्देश्य राजस्व बढ़ाने के साथ-साथ नशे से जुड़े उत्पादों की खपत को नियंत्रित करना भी माना जा रहा है। हालांकि, इसका असर आम उपभोक्ताओं की जेब पर जरूर पड़ेगा।
जरूरी दवाओं पर बड़ी राहत
स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर बजट 2026 में सरकार ने राहत भरे कदम उठाए हैं। डायबिटीज और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों में इस्तेमाल होने वाली कई जरूरी दवाओं को सस्ता करने का ऐलान किया गया है। इससे इलाज का खर्च कम होगा और लंबे समय से महंगी दवाइयों का बोझ झेल रहे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
सरकार का मानना है कि दवाओं की कीमत कम होने से इलाज ज्यादा लोगों की पहुंच में आएगा और देश के हेल्थकेयर सिस्टम को मजबूती मिलेगी। खासतौर पर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए यह फैसला राहत देने वाला माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें- Budget 2026: किस सेक्टर को हुआ सबसे ज्यादा फायदा, किसका हाथ रह गया खाली? जानें बजट की बड़ी बातें
स्मार्टफोन और टैबलेट सस्ते होने की उम्मीद
मेक-इन-इंडिया को बढ़ावा देने के लिए बजट में इलेक्ट्रॉनिक्स सेक्टर को राहत दी गई है। देश में बने स्मार्टफोन और टैबलेट पर लागत घटने से इनके दाम कम हो सकते हैं। इससे घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा मिलेगा और उपभोक्ताओं को आधुनिक तकनीक सस्ती कीमतों पर मिल सकेगी।
मोबाइल फोन आज हर जरूरत का हिस्सा बन चुके हैं- पढ़ाई, काम और डिजिटल सेवाओं के लिए। ऐसे में इनके सस्ते होने से आम जनता को सीधा फायदा मिल सकता है।
खेल उपकरण होंगे ज्यादा किफायती
युवाओं और खिलाड़ियों के लिए भी बजट में अच्छी खबर है। खेल उपकरणों को सस्ता करने की दिशा में सरकार ने कदम उठाए हैं। क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन जैसे खेलों से जुड़े सामान की कीमतों में कमी आने की संभावना है।
सरकार का उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर प्रोत्साहित करना है ताकि फिटनेस और स्पोर्ट्स कल्चर को बढ़ावा मिल सके। खेल सामग्री सस्ती होने से ज्यादा बच्चे और युवा खेल गतिविधियों में हिस्सा ले पाएंगे।
चमड़े से बने सामान पर भी राहत
बजट के बाद चमड़े से बने उत्पादों के सस्ते होने की संभावना जताई जा रही है। जूते, बैग और अन्य लेदर प्रोडक्ट्स पर लागत घटने से उपभोक्ताओं को ये चीजें पहले की तुलना में कम कीमत पर मिल सकती हैं। इससे घरेलू लेदर इंडस्ट्री को भी फायदा मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़ें- Data Breach: खतरे में Gmail, Facebook समेत कई सोशल मीडिया अकाउंट्स! 14 करोड़ से ज्यादा पासवर्ड लीक