Data Breach: इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले करोड़ों लोगों के लिए यह खबर बेहद चिंता बढ़ाने वाली है. हाल ही में सामने आए एक बड़े डेटा लीक ने साइबर सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. रिपोर्ट के मुताबिक 14 करोड़ से अधिक यूजरनेम और पासवर्ड इंटरनेट पर लीक हो चुके हैं, जिनमें Gmail, Facebook, Instagram, TikTok और Netflix जैसे बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म शामिल हैं.
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह डेटा किसी पारंपरिक हैकिंग हमले से नहीं, बल्कि एक बेहद खतरनाक मैलवेयर के जरिए चुराया गया है. साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि अगर यूजर्स ने तुरंत कदम नहीं उठाए, तो अकाउंट हैक होने का खतरा कई गुना बढ़ सकता है.
कैसे सामने आया इतना बड़ा डेटा लीक
इस गंभीर डेटा ब्रीच का खुलासा साइबर सिक्योरिटी रिसर्चर जेरेमिया फाउलर ने किया. उन्होंने ExpressVPN के माध्यम से अपनी जांच की जानकारी साझा की.
जांच में पता चला कि करीब 96GB का संवेदनशील डेटा इंटरनेट पर बिना किसी पासवर्ड सुरक्षा या एन्क्रिप्शन के खुले रूप में पड़ा हुआ था. यह डेटा किसी डार्क वेब फोरम पर नहीं, बल्कि एक गलत तरीके से कॉन्फिगर किए गए ऑनलाइन डेटाबेस में मौजूद था, जिसे कोई भी आसानी से एक्सेस कर सकता था.
जब तक होस्टिंग सर्विस प्रोवाइडर ने इस डेटाबेस को हटाया, तब तक इसमें लगातार नई लॉगइन डिटेल्स जुड़ती जा रही थीं, जिससे लीक का दायरा और बड़ा हो गया.
किन-किन प्लेटफॉर्म्स के अकाउंट्स हुए प्रभावित
रिपोर्ट के अनुसार, इस डेटा लीक में लगभग हर बड़े डिजिटल प्लेटफॉर्म के यूजर्स शामिल हैं. इनमें:
- ईमेल सर्विसेज: Gmail, Yahoo, Outlook
- सोशल मीडिया: Facebook, Instagram, TikTok, X (पूर्व में Twitter)
- एंटरटेनमेंट प्लेटफॉर्म्स: Netflix, Disney Plus, HBO Max, Roblox
- अन्य प्लेटफॉर्म्स: OnlyFans और कुछ सरकारी लॉगइन पोर्टल्स
इसका मतलब है कि निजी बातचीत, ईमेल, सब्सक्रिप्शन अकाउंट्स और यहां तक कि संवेदनशील सरकारी एक्सेस भी जोखिम में आ सकता है.
ये भी पढ़ें- T20 World Cup: खेलना चाहती थी बांग्लादेशी क्रिकेट टीम, फिर क्यों करना पड़ा बायकॉट? आया नया ट्विस्ट
लीक हुए अकाउंट्स के आंकड़े डराने वाले
रिपोर्ट में सामने आए आंकड़े इस डेटा ब्रीच की गंभीरता को साफ दिखाते हैं:
- Gmail: करीब 4.8 करोड़ अकाउंट्स
- Yahoo: लगभग 40 लाख अकाउंट्स
- Outlook: करीब 15 लाख अकाउंट्स
- Facebook: 1.7 करोड़ अकाउंट्स
- Instagram: 65 लाख अकाउंट्स
- TikTok: लगभग 8 लाख अकाउंट्स
- Netflix: करीब 42 लाख अकाउंट्स
इन आंकड़ों से साफ है कि यह हाल के वर्षों के सबसे बड़े लॉगइन डेटा लीक में से एक हो सकता है.
हैकर नहीं, मैलवेयर बना सबसे बड़ा खतरा
इस पूरे मामले में सबसे खतरनाक पहलू यह है कि डेटा चोरी किसी एक हैकर द्वारा नहीं, बल्कि Infostealer मैलवेयर के जरिए की गई.
यह मैलवेयर चुपचाप यूजर के कंप्यूटर या मोबाइल में घुस जाता है और बिना जानकारी दिए यूजरनेम, पासवर्ड, ब्राउज़र डेटा और अन्य संवेदनशील जानकारियां चुरा लेता है. जैसे ही यह डेटा ऑनलाइन डेटाबेस में अपलोड होता गया, लीक का आकार बढ़ता चला गया.
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि इस दौरान कितने लोगों ने इस डेटा को डाउनलोड किया, इसका सटीक अंदाजा लगाना फिलहाल संभव नहीं है.
ये भी पढ़ें- Republic Day से पहले दिल्ली में हाई अलर्ट! पुलिस ने जारी की अलकायदा आतंकी मोहम्मद रेहान की तस्वीर