Sports

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने डायरेक्टर नजमुल को हटाया, तमीम इकबाल को भारतीय एजेंट कहा था

Bangladesh Cricket: बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने अपने डायरेक्टर एम. नजमुल इस्लाम को पद से हटा दिया है। खिलाड़ियों के कड़े विरोध और बढ़ते तनाव के बाद बोर्ड को यह फैसला लेना पड़ा। नजमुल इस्लाम की विवादित टिप्पणियों से देश के क्रिकेट माहौल में भारी असंतोष फैल गया था।

क्रिकेटर्स वेलफेयर एसोसिएशन ऑफ बांग्लादेश (CWAB) ने नजमुल इस्लाम के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए अल्टीमेटम जारी किया था। संगठन ने कहा था कि अगर गुरुवार दोपहर 1 बजे तक वे इस्तीफा नहीं देते हैं, तो खिलाड़ी क्रिकेट के सभी फॉर्मेट का बहिष्कार करेंगे।

तमीम इकबाल पर टिप्पणी से भड़के खिलाड़ी

विवाद की शुरुआत तब हुई जब नजमुल इस्लाम ने बांग्लादेश के पूर्व कप्तान तमीम इकबाल को सार्वजनिक रूप से “भारतीय एजेंट” कह दिया। CWAB का आरोप है कि यह बयान न सिर्फ तमीम इकबाल बल्कि पूरे क्रिकेट समुदाय का अपमान है।

इस मुद्दे को सुलझाने के लिए CWAB और BCB अधिकारियों के बीच बातचीत भी हुई, लेकिन किसी नतीजे पर सहमति नहीं बन सकी। इसके बाद CWAB ने एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपने आंदोलन की घोषणा की।

BPL का ओपनिंग मैच तय समय पर नहीं हुआ

खिलाड़ियों ने अपने फैसले पर अडिग रहते हुए बांग्लादेश प्रीमियर लीग (BPL) के उद्घाटन मैच के लिए मैदान पर आने से इनकार कर दिया। तय समय से कई घंटे बाद तक खिलाड़ी नहीं पहुंचे, जिससे नोखली एक्सप्रेस और चट्टोग्राम रॉयल्स के बीच होने वाला मुकाबला समय पर शुरू नहीं हो सका।

ये भी पढ़ें- Grahan 2026: इस साल लगेगा 2 सूर्य और 2 चंद्र ग्रहण, मार्च में दिखेगा ब्लड मून, जानें तारीख और सूतक काल

नजमुल इस्लाम को कारण बताओ नोटिस

BCB ने बयान जारी कर बताया कि नजमुल इस्लाम के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्हें कारण बताओ नोटिस भेजा गया है और 48 घंटे के भीतर जवाब मांगा गया है। बोर्ड ने कहा कि जवाब के आधार पर नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

BCB ने यह भी स्पष्ट किया कि BPL देश की सबसे अहम घरेलू टी20 लीग है और खिलाड़ी इसके सबसे बड़े हितधारक हैं। बोर्ड को उम्मीद है कि विवाद का जल्द समाधान होगा और टूर्नामेंट सुचारु रूप से आगे बढ़ेगा।

BCB ने जताया अफसोस

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने नजमुल इस्लाम की टिप्पणियों पर खेद जताते हुए कहा कि ये बयान बोर्ड की आधिकारिक सोच को नहीं दर्शाते। बोर्ड ने चेतावनी दी कि खिलाड़ियों का अपमान करने या बांग्लादेश क्रिकेट की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यवहार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

मुस्तफिजुर- IPL विवाद की पृष्ठभूमि

दरअसल, यह विवाद उस समय गहराया जब तमीम इकबाल ने भारत और बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंधों में आई तनातनी को कम करने के लिए बातचीत की अपील की थी। यह अपील कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद सामने आई थी।

16 दिसंबर को IPL मिनी ऑक्शन में KKR ने मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था। इसके बाद बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या की घटनाओं के चलते भारत में उनके IPL खेलने का विरोध शुरू हो गया। बाद में BCCI ने उन्हें खेलने की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद 3 जनवरी को KKR ने मुस्तफिजुर को टीम से रिलीज कर दिया। बांग्लादेश में अब तक 8 हिंदुओं की हत्या की खबरें सामने आ चुकी हैं।

ये भी पढ़ें- AI से बने फोटो-वीडियो का असानी से लग जाएगा पता, Google ने Gemini में लाया नया फीचर, कैसे करें चेक?

Shreeom Singh

Shreeom Singh is a Digital Journalist with over 3 years of experience in the media industry. Having worked with prestigious organizations like Bharat 24, Network 10, and APN News. Shreeom specializes in a wide spectrum of beats, including World, Sports, Business, Lifestyle, and Health. He is dedicated to delivering well-researched and engaging stories to a global audience.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *