Sports

भारत की छोरियों ने रचा इतिहास, 7 बार की चैंपियन ऑस्‍ट्रेलिया को धूल चटाई, फाइनल में बनाई जगह

IND Vs AUS World Cup: नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया। विश्व कप 2025 के सेमीफाइनल मुकाबले में भारत ने मौजूदा चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को 5 विकेट से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। यह जीत सिर्फ जीत नहीं, बल्कि भारतीय क्रिकेट के इतिहास का सुनहरा अध्याय बन गई, क्योंकि भारत ने नॉकआउट मुकाबले में 338 रनों का विशाल लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया जो अब तक का सबसे बड़ा रन चेज़ है, पुरुष और महिला दोनों विश्व कप इतिहास में।

भारत की इस ऐतिहासिक जीत की नायिका रहीं जेमिमा रोड्रिग्स, जिन्होंने एक क्लासिक शतक लगाकर टीम को फाइनल तक पहुंचाया। जेमिमा ने 134 गेंदों पर नाबाद 127 रन बनाए, जिसमें 14 शानदार चौके शामिल थे।

तीसरे विकेट के लिए उन्होंने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ 167 रनों की शानदार साझेदारी की। यह साझेदारी मैच का टर्निंग पॉइंट साबित हुई। हरमनप्रीत ने भी दमदार बल्लेबाजी की और 88 गेंदों पर 89 रन बनाए, हालांकि वह शतक से थोड़ी दूर रह गईं।

मिडिल ऑर्डर ने निभाई अहम भूमिका

जब मैच आखिरी ओवरों में पहुंचा, तो भारत को तेज रन चाहिए थे। ऐसे में दीप्ति शर्मा (17 गेंदों पर 24 रन) और ऋचा घोष (16 गेंदों पर 26 रन) ने तेजी से रन जोड़कर मैच भारत की झोली में डाल दिया। अंत में अमनजोत कौर ने 8 गेंदों पर नाबाद 15 रन बनाकर जीत पर मुहर लगा दी।

भारत ने 49वें ओवर में 339 रन बनाकर लक्ष्य हासिल किया और फाइनल में प्रवेश किया।

ये भी पढ़ें- रोहित शर्मा पहली बार बने नंबर-1 ODI बल्लेबाज, गिल तीसरे नंबर पर फिसले, कोहली टॉप-10 में शामिल, देखें लिस्ट

ऑस्ट्रेलिया की लिचफील्ड का दमदार शतक

ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 338 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज फोबे लिचफील्ड ने शानदार 119 रनों की पारी खेली। उन्होंने 93 गेंदों में 17 चौके और 3 छक्के लगाए। उनके साथ एलिस पेरी ने 77 और एश्ले गार्डनर ने 63 रनों की तेजतर्रार पारी खेली।

लिचफील्ड और पेरी ने दूसरे विकेट के लिए 155 रनों की बड़ी साझेदारी की, जिसने ऑस्ट्रेलिया को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था। हालांकि अंत में भारतीय गेंदबाजों ने वापसी की और 50वें ओवर की आखिरी गेंद पर ऑस्ट्रेलिया की पारी 338 रन पर सिमट गई।

भारतीय गेंदबाजों का प्रदर्शन

भारतीय गेंदबाजों को शुरुआत में लय पकड़ने में मुश्किल हुई, लेकिन अंत में उन्होंने वापसी की। दीप्ति शर्मा ने 73 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि श्री चरणी ने 49 रन देकर 2 विकेट झटके।

अमनजोत कौर ने भी लिचफील्ड का अहम विकेट हासिल किया। हालांकि कुछ मौकों पर भारत की गेंदबाजी थोड़ी बिखरी नजर आई, फिर भी बल्लेबाजों ने शानदार तरीके से इसकी भरपाई कर दी।

अब भारतीय टीम का अगला मुकाबला 2 नवंबर को साउथ अफ्रीका से फाइनल में होगा। दोनों टीमें पहली बार महिला विश्व कप फाइनल में आमने-सामने होंगी।

ये भी पढ़ें- भारत की GDP से ज्यादा हुई चिप कंपनी Nvidia की वैल्यू, 5 ट्रिलियन डॉलर पार पहुंचा मार्केट कैप

Shreeom Singh

Shreeom Singh is a Digital Journalist with over 3 years of experience in the media industry. Having worked with prestigious organizations like Bharat 24, Network 10, and APN News. Shreeom specializes in a wide spectrum of beats, including World, Sports, Business, Lifestyle, and Health. He is dedicated to delivering well-researched and engaging stories to a global audience.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *