Uncategorized

दिल्ली में घरों तक आया बाढ़ का पानी, नोएडा के कई सेक्टर डूबे, कश्मीर में लैंडस्लाइड, देखें तबाही का Video

Flood: बारिश को हम अक्सर राहत और सुकून का जरिया मानते हैं। बच्चों की खिलखिलाहट, मिट्टी की सौंधी खुशबू और तपती गर्मी से राहत की फुहारें… लेकिन जब यही बारिश आफत बनकर टूटे, तो ज़िंदगी थम जाती है। इस वक्त देश के कई हिस्सों में कुछ ऐसा ही हो रहा है। दिल्ली-NCR, पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, कश्मीर और हिमाचल जैसे कई राज्य भीषण बारिश और बाढ़ की चपेट में हैं। नदियां उफान पर हैं, घरों में पानी भर गया है, सड़कों पर नावें चल रही हैं और इंसान अपने ही घरों में कैद है।

दिल्ली-NCR: जब यमुना ने तोड़ा सब्र का बांध

दिल्ली और उसके आसपास का इलाका यानी NCR इस वक्त भीषण बाढ़ से जूझ रहा है। लगातार हो रही बारिश ने यमुना नदी को उफान पर ला दिया है। नदी का पानी खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। नोएडा के सेक्टर-135 और सेक्टर-151 पानी में डूब चुके हैं। कई इलाकों में तो 3 से 4 फीट तक पानी भर गया है। घरों में घुटनों तक पानी है और लोग छतों पर पनाह लेने को मजबूर हैं।

बाढ़ का असर सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ा है। हरियाणा के पंचकूला, हिसार, रोहतक, झज्जर जैसे जिलों में सभी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। गुरुग्राम की सिग्नेचर ग्लोबल सलोरा सोसाइटी में पानी भर जाने से महिलाएं और बच्चे अपने ही घरों में फंस गए।

राजस्थान का बोराज तालाब बना तबाही की वजह

राजस्थान के अजमेर जिले में गुरुवार रात एक भयावह हादसा हुआ। भारी बारिश के कारण बोराज तालाब की दीवार टूट गई। और फिर क्या था—एक सैलाब अचानक शहर में घुस आया। एक हज़ार से ज़्यादा घरों में पानी घुस गया। लोग रात के अंधेरे में छतों पर चढ़कर अपनी जान बचाते नज़र आए। पानी का बहाव इतना तेज था कि गाड़ियां तक बह गईं और कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए। पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन चलता रहा ताकि किसी की जान बचाई जा सके।

पंजाब: बाढ़ में डूबा राज्य, 43 की मौत, हजारों बेघर

पंजाब इस वक्त अपने सबसे मुश्किल दौर से गुजर रहा है। अब तक 43 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और करीब 1,655 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। आंकड़ों के मुताबिक, 3.55 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और 1.71 लाख हेक्टेयर में फैली फसल पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है।

फिरोजपुर में भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर बाढ़ का पानी सीमा पार तक पहुंच गया है। कई किलोमीटर लंबी बाड़ डूब चुकी है और बांधों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि, राहत की बात यह है कि आने वाले 5 दिनों में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है।

कश्मीर: देश से कटा संपर्क, भय का माहौल

कश्मीर में बारिश के साथ-साथ भूस्खलन ने हालात और बिगाड़ दिए हैं। जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे समेत सभी सड़कें या तो टूट चुकी हैं या बह गई हैं, जिससे घाटी का देश के बाकी हिस्सों से संपर्क कट गया है।

हालांकि झेलम नदी का जलस्तर अब खतरे के निशान से नीचे है, फिर भी हालात गंभीर हैं। स्कूल-कॉलेजों को 6 सितंबर तक बंद कर दिया गया है। रामबन जिले में लैंडस्लाइड और अचानक आई बाढ़ ने 283 घरों को नुकसान पहुंचाया है। करीब 950 लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

बांदीपोरा की वुलर झील का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे कुल्हामा गांव के 11 परिवारों को सरकारी स्कूल में शिफ्ट किया गया है। झेलम का जलस्तर 14 फीट पार कर जाने से हाजिन इलाके में डर का माहौल है।

हिमाचल: 11 दिन से फंसे श्रद्धालुओं का सेना ने किया रेस्क्यू

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर इलाके में पिछले 11 दिनों से फंसे 50 श्रद्धालुओं को वायुसेना के चिनूक हेलिकॉप्टर की मदद से सुरक्षित निकाला गया। ये सभी मणिमहेश यात्रा पर थे और 24 से 27 अगस्त के बीच भारी बारिश और लैंडस्लाइड की वजह से वहीं फंसे रह गए थे।

अब भी भरमौर क्षेत्र में करीब 400 से ज्यादा श्रद्धालु फंसे हुए हैं। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है। इस दौरान अब तक 11 श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है, जिनमें से कुछ की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।

ये भी पढ़ें- सिगरेट, गुटखा और कोल्ड ड्रिंक पर लगेगा 40 प्रतिशत टैक्स, GST में बदलाव के बाद क्या सस्ता क्या महंगा?

Shreeom Singh

Shreeom Singh is a Digital Journalist with over 3 years of experience in the media industry. Having worked with prestigious organizations like Bharat 24, Network 10, and APN News. Shreeom specializes in a wide spectrum of beats, including World, Sports, Business, Lifestyle, and Health. He is dedicated to delivering well-researched and engaging stories to a global audience.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *