मारुति की पहली EV ई-विटारा को पीएम मोदी ने दिखाई झंडी, जानें इसकी कीमत और खासियत
अहमदाबाद: जब देश तकनीक और आत्मनिर्भरता के रास्ते पर तेज़ी से आगे बढ़ रहा हो, तब हर नई उपलब्धि एक गर्व का मौका बन जाती है। ऐसा ही एक ऐतिहासिक क्षण सामने आया 26 अगस्त 2025 को, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के हंसलपुर में भारत में बनी पहली मारुति इलेक्ट्रिक SUV ई-विटारा को एक्सपोर्ट के लिए हरी झंडी दिखाई। यह न केवल भारत की प्रगति का प्रतीक है, बल्कि यह भी दिखाता है कि अब भारत सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि दुनिया के लिए भी टिकाऊ मोबिलिटी समाधान तैयार कर रहा है।
मारुति सुजुकी की यह पहली इलेक्ट्रिक कार पूरी तरह से भारत में बनी है। इसकी खास बात यह है कि इसे सिर्फ भारतीय सड़कों पर ही नहीं, बल्कि यूरोप, जापान और 100 से ज्यादा देशों में चलाया जाएगा। यह अपने आप में एक बड़ा बदलाव है, क्योंकि अब भारत इलेक्ट्रिक वाहन निर्माण और निर्यात का हब बनने की ओर बढ़ रहा है।
ई-विटारा को गुजरात के हंसलपुर प्लांट में तैयार किया गया है, जहां सालाना 7.5 लाख गाड़ियों के निर्माण की क्षमता है। कंपनी ने इस प्लांट में लगभग 21,000 करोड़ रुपए का भारी निवेश किया है, जो देश की औद्योगिक मजबूती का प्रमाण है।
500 किलोमीटर की रेंज और दो बैटरी विकल्प
ई-विटारा को दो बैटरी ऑप्शन में लॉन्च किया गया है – 49kWh और 61kWh। कंपनी का दावा है कि एक बार पूरी तरह चार्ज करने पर ये कार 500 किलोमीटर से ज्यादा चल सकती है। यह रेंज आम यूज़र्स के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकती है, खासकर लॉन्ग ड्राइव्स के शौकीनों के लिए।
इस इलेक्ट्रिक SUV में 2 व्हील ड्राइव और ऑलग्रिप 4 व्हील ड्राइव दोनों विकल्प मिलेंगे, जिससे यह शहर के साथ-साथ पहाड़ी इलाकों के लिए भी एक भरोसेमंद साथी बन सकती है।
कितनी हो सकती है कीमत?
ई-विटारा के दाम को लेकर अभी ऑफिशियल घोषणा नहीं हुई है, लेकिन शुरुआती जानकारी के मुताबिक इसका बेस मॉडल (49kWh) 20 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) से शुरू हो सकता है। वहीं, ज्यादा पावरफुल 61kWh बैटरी वाला वर्जन 25 लाख रुपए तक जा सकता है। यदि आप ऑलग्रिप AWD वर्जन लेना चाहते हैं, तो इसकी कीमत 30 लाख रुपए (एक्स-शोरूम) तक हो सकती है।
भारतीय बाजार में इसका मुकाबला मुख्य रूप से MG ZS EV, हुंडई क्रेटा EV, महिंद्रा BE05 और टाटा कर्व EV से होगा।
ये भी पढ़ें- अब जाम छलकाना और धुआं उड़ाना होगा महंगा, नए GST स्लैब में शराब, सिगरेट और तंबाकू के बढ़ेंगे दाम!
एक्सटीरियर: प्रीमियम लुक्स और मस्क्यूलर डिज़ाइन
ई-विटारा का लुक एकदम फ्यूचरिस्टिक और प्रीमियम है। इसकी डिजाइन काफी हद तक EVX कॉन्सेप्ट जैसी है। सामने की ओर पतली LED हेडलाइट, वाई-शेप DRL, स्टाइलिश बंपर और इंटीग्रेटेड फॉग लाइट्स दी गई हैं।
बॉडी पर क्लैडिंग और 19-इंच के ब्लैक अलॉय व्हील्स इसे मस्क्यूलर और दमदार बनाते हैं। पिछले दरवाजे के हैंडल को C-पिलर पर दिया गया है, जो डिजाइन को एक यूनिक टच देता है। इसके अलावा, रूफ पर इलेक्ट्रिक सनरूफ भी मौजूद है जो प्रीमियम फील को और बढ़ाता है।
इंटीरियर: स्टाइल, सेफ्टी और टेक्नोलॉजी का मेल
ई-विटारा का केबिन ड्यूल-टोन ब्लैक और ऑरेंज थीम में है, जो देखने में बहुत ही स्पोर्टी लगता है। इसमें फ्लैट बॉटम टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील, वर्टिकल AC वेंट्स के चारों ओर क्रोम फिनिश, और दो स्क्रीन का सेटअप दिया गया है। एक इंफोटेनमेंट डिस्प्ले और दूसरी ड्राइवर इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर – दोनों को फ्लोटिंग डिज़ाइन में इंटीग्रेट किया गया है।
सेफ्टी के लिहाज से भी यह कार शानदार है। इसमें 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड, 360 डिग्री कैमरा और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक जैसे एडवांस फीचर्स मिलते हैं। वहीं, संभावित फीचर्स में ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, वेंटिलेटेड सीट्स, और वायरलेस फोन चार्जर जैसे लग्ज़री टच भी दिए जा सकते हैं।
चीन के प्रतिबंधों से प्लान नहीं रुका
मारुति ने 2026 तक 67,000 यूनिट्स बनाने का लक्ष्य रखा था। लेकिन रेयर अर्थ मैग्नेट पर चीन के निर्यात प्रतिबंधों के कारण इस लक्ष्य पर असर पड़ा है। इसके बावजूद, कंपनी ने निर्माण जारी रखा और फरवरी 2025 से प्रोडक्शन की शुरुआत कर दी।
यह दिखाता है कि भारत की ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री अब बाहरी झटकों को झेलने के लिए पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो गई है।
ये भी पढ़ें- चीन में महिलाओं की प्राइवेसी के साथ बड़ा स्कैंडल! टेलीग्राम के इस चैनल पर प्राइवेट तस्वीरें हो रहीं लीक