UK जाकर पढ़ सकेंगे उत्तर प्रदेश के छात्र, 45 लाख रुपये तक का खर्च उठाएगी योगी सरकार, ऐसे करें आवेदन
हर होनहार छात्र के दिल में एक ख्वाब होता है दुनिया की सबसे बेहतरीन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई करने का, रिसर्च में नाम कमाने का और एक दिन अपने देश को गर्व महसूस कराने का। लेकिन अक्सर आर्थिक सीमाएं इन ख्वाबों पर ताले लगा देती हैं। अगर आप उत्तर प्रदेश से हैं, और आपके अंदर प्रतिभा है, तो अब आपके सपनों की राह में पैसे की कमी कभी दीवार नहीं बनेगी।
उत्तर प्रदेश सरकार ने एक ऐसी पहल की है, जो राज्य के होनहार युवाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहुंचने का सुनहरा अवसर देती है। चलिए जानते हैं इस योजना की खासियतें, इसके पीछे की सोच और कैसे आप इसका लाभ उठा सकते हैं।
यह कोई आम स्कॉलरशिप योजना नहीं है, बल्कि दो मजबूत इकाइयों उत्तर प्रदेश सरकार और यूनाइटेड किंगडम के FCDO (Foreign, Commonwealth and Development Office) के बीच हुआ ऐतिहासिक समझौता है। इस स्कॉलरशिप का नाम है “चेवनिंग-भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी उत्तर प्रदेश राज्य सरकार स्कॉलरशिप योजना”।
इस योजना का उद्देश्य है कि उत्तर प्रदेश के मेधावी छात्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शिक्षा, अनुसंधान और नेतृत्व में अवसर प्राप्त करें। 2025-26 से लेकर 2027-28 तक हर साल 5 छात्रों को यूके की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में पूरी स्कॉलरशिप पर पढ़ने भेजा जाएगा।
पढ़ाई का सारा खर्च अब सरकार उठाएगी
विदेश में पढ़ाई के नाम पर सबसे पहली चिंता होती है- खर्च। लेकिन इस योजना के तहत एक छात्र पर आने वाला 45 लाख से 48 लाख रुपये तक का खर्च यूपी सरकार और ब्रिटेन की सरकार मिलकर उठाएंगी।
इसमें आपकी ट्यूशन फीस, एग्जाम फीस, रिसर्च फीस, रहने का खर्च, और यहां तक कि भारत से यूके तक का हवाई किराया भी शामिल होगा। यूपी सरकार कुल लागत का लगभग 50% यानी करीब 23 लाख रुपये खर्च करेगी और बाकी हिस्सा UK सरकार देगी।
कैसे करें आवेदन? कुछ क्लिक की दूरी पर है मौका
अब सवाल आता है कि इस शानदार अवसर के लिए आवेदन कैसे करें? आपको UK सरकार की वेबसाइट यूके की वेबसाइट www.chevening.org/scholarship पर जाकर आवेदन करना होगा।
वहां “India” सेक्शन में जाएं और Chevening Bharat Ratna Sri Atal Bihari Vajpayee Uttar Pradesh Rajya Sarkar Scholarships Yojana का विकल्प को चुनें। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन होगी। हालांकि फिलहाल यह लिंक एक्टिव नहीं है, लेकिन जल्द ही इसकी आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
इसलिए जरूरी है कि इच्छुक छात्र समय-समय पर वेबसाइट चेक करते रहें, और जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें।
यह योजना अवसरों की दुनिया है- योगी आदित्यनाथ
इस योजना के लॉन्च इवेंट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह स्कॉलरशिप सिर्फ एक वित्तीय सहायता नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को ऊंचाई देने वाला कदम है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाएं और विदेश में भारत और उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह स्कॉलरशिप पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और दूरदर्शिता से प्रेरित है, जो हमेशा शिक्षा और युवाओं की क्षमता में विश्वास रखते थे। यही कारण है कि इस योजना को उनके नाम से जोड़ा गया है।
यूपी के युवाओं के लिए गर्व की बात: ब्रिटिश हाई कमिश्नर
ब्रिटिश उच्चायुक्त लिंडी कैमरन ने भी इस स्कॉलरशिप योजना की सराहना की। उन्होंने कहा कि इससे उत्तर प्रदेश के छात्रों को ब्रिटेन की उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा प्रणाली का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा।
उन्होंने इसे “इंडिया-यूके एजुकेशनल रिलेशनशिप” का नया अध्याय बताया और कहा कि यह योजना दोनों देशों के युवाओं को जोड़ने का एक मजबूत सेतु बन सकती है।
क्यों यह छात्रों के लिए गेमचेंजर है?
उत्तर प्रदेश भारत का सबसे अधिक आबादी वाला राज्य है और यहां प्रतिभा की कमी नहीं है। लेकिन अक्सर गांव-कस्बों के होनहार छात्र आर्थिक तंगी और संसाधनों की कमी के कारण अपनी प्रतिभा का पूरा उपयोग नहीं कर पाते।
यह स्कॉलरशिप उन लाखों छात्रों के लिए आशा की किरण है, जो मेहनत तो करते हैं, लेकिन आर्थिक दीवारें उन्हें रोक देती हैं। अब यूपी का कोई भी छात्र, चाहे वो लखनऊ से हो या ललितपुर से, अगर उसमें हुनर है, तो वो ऑक्सफोर्ड, कैंब्रिज या लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स जैसे संस्थानों में पढ़ाई कर सकता है।
आखिर क्यों जरूरी थी यह पहल?
दुनिया भर में शिक्षा का चेहरा बदल रहा है। ग्लोबल एक्सपोजर, रिसर्च सहयोग, और क्रॉस-कल्चरल लर्निंग आज के दौर में जरूरी हो गया है।
अगर भारत को शिक्षा के क्षेत्र में विश्वगुरु बनाना है, तो छात्रों को केवल देश के नहीं, बल्कि दुनिया के बेस्ट प्लेटफॉर्म पर शिक्षा लेने का मौका देना होगा। यही सोच इस स्कॉलरशिप योजना की नींव में है।
ये भी पढ़ें- इस दिवाली मिलेगा ‘डबल गिफ्ट’, सस्ती होंगी ये गाड़ियां, जानें नए टैक्स सिस्टम से कितनी कम होगी कीमत